गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के उषाढ़ गांव में शनिवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यापारी का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़े :- “ऑपरेशन आघात” में बड़ी सफलता: 52 किलो गांजा तस्करी मामले की मुख्य सप्लायर महिला गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे उषाढ़ गांव निवासी गिरीश यादव अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा नंबर की नीले रंग की कार में सवार दो अज्ञात युवक गांव पहुंचे। पहले उन्होंने धनकुट्टी मिल के पास गिरीश यादव के घर का पता पूछा और फिर उनकी किराना दुकान पर पहुंच गए। वहां आरोपियों ने गिरीश के बेटे पंकज यादव से पानी और सिगरेट खरीदी।
इसके बाद दोनों युवकों ने पंकज से उसके पिता को बाहर बुलाने के लिए कहा। जैसे ही पंकज अंदर जाने लगा, दोनों आरोपी जबरन घर में घुस गए। उन्होंने सो रहे गिरीश यादव को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और जबरन घर से बाहर खींच लाए। परिजनों ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दे दी।
इसके बाद आरोपी गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की ओर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने परिचितों को फोन कर कार रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वाहन लेकर मरवाही की दिशा में भागने में सफल रहे।
घटना के बाद व्यापारी की पत्नी दुर्गा यादव ने मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।
इस दिनदहाड़े अपहरण की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



