रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अभनपुर क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने मिर्ची पाउडर फेंककर और चाकू की नोक पर दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए हैं।
यह भी पढ़े – महादेव एप के कथित चैट पर सियासी घमासान: भूपेश बघेल ने वायरल स्क्रीनशॉट को बताया फर्जी, जताई नाराजगी
पुलिस के मुताबिक पहली घटना 1 जून 2026 को हुई थी। ग्राम बिरोदा निवासी और बैंक ऑफ बड़ौदा खोरपा में बैंक मित्र के रूप में कार्यरत पोषण लाल साहू बैंक से छुट्टी के बाद करीब दो लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच पुलिया के पास दो युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने मिर्ची पाउडर फेंकने का प्रयास करते हुए नुकीले हथियार से धमकाया और नकदी से भरा बैग तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
वहीं दूसरी घटना 14 मार्च 2026 को हुई थी। अभनपुर में च्वाइस सेंटर और गिफ्ट स्टोर संचालित करने वाले उमेंद्र कुमार देवांगन दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। ग्राम हसदा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया और चाकू पेट पर टिकाकर डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
लगातार हो रही इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक Shweta Srivastava Sinha ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार निगरानी और जांच के बाद आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने स्वीकार किया कि भारी कर्ज में डूबे होने के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पिंटू नेताम पहले भी मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू (26), टेकराम उर्फ टीकू धीवर (30), पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम (30) और योगीराज सोनवानी (18) शामिल हैं। सभी आरोपी अभनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। साथ ही यह भी पता चला है कि आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया हो सकता है। इस संबंध में उनसे विस्तृत पूछताछ जारी है।



