दुर्ग। नशा मुक्ति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना जामुल पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 49.8 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ, नकदी और मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
यह भी पढ़े :- रायपुर पहुंचीं सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत, ‘भारत भाग्य विधाता’ की पहली स्क्रीनिंग में होंगी शामिल
पुलिस को सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास एक महिला अवैध मादक पदार्थ की बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर जामुल पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश देकर संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 49.8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक कीपैड मोबाइल फोन और मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 1,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार महिला की पहचान राजविंदर कौर, निवासी एलआईजी-312, हाउसिंग बोर्ड, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।



