बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा दुखद मामला सामने आया है। शादी के महज 45 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ ससुराल से चली गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी द्वारा विवाह का प्रस्ताव रखने पर महिला ने इनकार कर दिया, जिसके बाद युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में अंतर्राज्यीय महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 16 किलो गांजा जब्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब ढाई वर्ष पहले दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे संपर्क में बने रहे।
बताया जा रहा है कि घटना की रात युवक शराब के नशे में महिला के ससुराल पहुंचा था। वह महिला को मिलने के बहाने घर से अपने साथ ले गया। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।
बचाने की कोशिश में महिला भी घायल
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, युवक को बचाने की कोशिश में महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
युवक भी था शादीशुदा
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक युवक पहले से शादीशुदा था। घटना के बाद महिला ने अपने पति और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना बालोद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जो महिला के ससुराल से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



