धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में एक थाना प्रभारी (TI) और युवक के बीच सड़क पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- ससुराल से प्रेमी संग गई महिला, शादी से इनकार पर युवक ने उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने देर रात बिना नंबर प्लेट वाली एक बाइक को जांच के लिए रोका। बाइक पर एक दंपती और उनकी छोटी बच्ची सवार थे, जो फिल्म देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक चालक युवक और थाना प्रभारी के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई।
युवक का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उसे थप्पड़ मारा और बाइक की चाबी छीन ली। वायरल वीडियो में युवक पुलिस अधिकारी से बहस करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक थाना प्रभारी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं, अधिकारी ने युवक द्वारा उन्हें ‘तुम’ कहकर संबोधित किए जाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि बाइक पर महिला और बच्ची के सवार होने के कारण युवक को मौके पर ही जाने दिया गया था। उसे अगले दिन थाने में उपस्थित होकर अपनी आमद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचा।
सीएसपी के अनुसार, युवक ने अब तक थाने में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में उसकी पहचान कर नोटिस जारी करने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



