रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 70 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 20,700 रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े :- बकायेदार दुकानदारों पर नगर निगम का शिकंजा, 15 दुकानें सील, लाखों की वसूली
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदीप पटेल के नेतृत्व में थाना आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि महोबा बाजार स्थित डबरापारा कॉम्प्लेक्स के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश कुशवाहा (29 वर्ष) निवासी वीर शिवाजी नगर, डबरापारा, महोबा बाजार, थाना आमानाका बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आमानाका में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुकेश कुशवाहा आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट तथा आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हो चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी



