रायपुर, 25 मई। Audio Viral Case : छत्तीसगढ़ भाजपा में नई विवाद की आंच सुलग गई है। भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के दो कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें वे अपनी ही सरकार और संगठन की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणियां करती दिख रही हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर विधायक कह रही हैं कि “सरकार ऊपर से चल रही है” और “भूपेश बघेल फिर से वापसी करेंगे”। एक क्लिप में उन्होंने 5 करोड़ रुपये खर्च कर लड़ाई लड़ने की भी बात कही है। साथ ही मनोज साहू को ‘बेशर्म’ कहते हुए नाराजगी जताई गई है।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार को 35 सेकंड का पहला ऑडियो वायरल हुआ, जिसके एक दिन बाद रविवार को दूसरा 14 सेकंड का ऑडियो भी सामने आ गया। ये दोनों ऑडियो भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू द्वारा शेयर किए गए हैं। मनोज साहू पूर्व में रेणुका सिंह के विधायक प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। बता दें कि हाल ही में ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम में मनोज साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने ही रेणुका सिंह की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
रेणुका सिंह का पलटवार
विधायक रेणुका सिंह ने दोनों ऑडियो को (Audio Viral Case) फर्जी और AI जनरेटेड बताते हुए साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए साजिश रची जा रही है। रेणुका सिंह ने सोनहत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और वायरल ऑडियो की फोरेंसिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



