रायपुर। कोल लेवी वसूली मामले में ACB/EOW ने जांच के दौरान एक और बड़ा कदम उठाते हुए 5वां पूरक अभियोग पत्र विशेष अदालत में प्रस्तुत किया है। इस मामले में आरोपी नारायण साहू के खिलाफ करीब 1000 पन्नों का विस्तृत चालान पेश किया गया है।
यह भी पढ़े :- घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों से मारपीट, पुरानी रंजिश में 20 लोगों पर हमला करने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, नारायण साहू को अवैध कोल लेवी वसूली सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य बताया गया है। आरोप है कि वह सिंडिकेट के निर्देशों पर कोयला व्यापारियों और परिवहनकर्ताओं से अवैध वसूली में शामिल था।
एजेंसी के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि वह वसूली गई रकम को एकत्र कर रजनीकांत तिवारी के पास जमा कराता था। इसके अलावा लगभग 7.5 करोड़ रुपये की राशि के हस्तांतरण, प्रबंधन और वितरण में उसकी भूमिका बताई गई है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वह “सूर्यकांत” के निर्देशों पर कार्य करता था और पूरे नेटवर्क के तहत पैसों के संग्रह और आगे भेजने की प्रक्रिया में शामिल था।
फिलहाल आरोपी नारायण साहू रायपुर जेल में बंद है। विशेष अदालत में पेश किए गए इस पूरक चालान के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



