कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर जमकर बवाल हो गया। 15 से 20 लोगों के एक समूह पर एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- बस्तर पर अमित शाह का बयान, सिर्फ़ झूठ का पुलिंदा : कांग्रेस
जानकारी के अनुसार, बदमाश लाठी-डंडों से लैस होकर सीतामढ़ी स्थित नैना गोस्वामी के घर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर जबरन अंदर घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस दौरान नैना गोस्वामी, उनकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ मारपीट की गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वायरल वीडियो में घायल दिखाई दे रहीं नैना गोस्वामी ने दावा किया कि पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। उनके मुताबिक, घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना में नैना गोस्वामी और उनकी बहन को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



