रायपुर। राजधानी के VIP रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस में हुए सिपाही रमाकांत सिंह की मौत मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद नया खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य डूबने की घटना माना जा रहा था, लेकिन शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने हादसे की वजह स्पष्ट कर दी है।
जानकारी के मुताबिक माना थाना में पदस्थ सिपाही रमाकांत सिंह अपने साथी पुलिसकर्मियों और परिचितों के साथ ड्यूटी खत्म होने के बाद फार्म हाउस में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने स्विमिंग पूल में छलांग लगाई। बताया जा रहा है कि जंप के दौरान उनका सिर सीधे पूल के फर्श से टकरा गया, जिससे गर्दन की हड्डी टूट गई। गंभीर चोट लगने के बाद वह पानी के भीतर ही बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।
घटना के समय मौजूद लोगों को शुरुआत में लगा कि रमाकांत मजाक कर रहे हैं या पानी के भीतर खेल रहे हैं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना के समय मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस हादसे के बाद फार्म हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार स्विमिंग पूल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। बिना प्रशिक्षित लाइफगार्ड या सुरक्षा कर्मियों के स्विमिंग पूल संचालन को लेकर भी जांच की जा रही है।
सबसे अहम बात यह है कि रमाकांत सिंह को तैरना आता था। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा केवल जंप के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



