नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक (NEET Paper Leak) मामले के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले साल से NEET परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड (Computer Based Test) किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री ने बताया कि अब तक NEET परीक्षा OMR शीट आधारित होती थी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए अगले वर्ष से इसे ऑनलाइन मोड में आयोजित किया जाएगा।
21 जून को होगी NEET-UG की पुनः परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पहले 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि शिक्षा माफियाओं की वजह से मेहनती और ईमानदार छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हो। इसलिए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
“पेपर लीक की पुष्टि होते ही लिया फैसला”
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 7 मई को NTA को सूचना मिली थी कि कथित “गेस पेपर” के कुछ सवाल वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खा रहे हैं। इसके बाद केंद्र सरकार और NTA ने तुरंत जांच शुरू की और राज्य एजेंसियों से संपर्क किया।
उन्होंने कहा,- “जब यह स्पष्ट हो गया कि प्रश्नपत्र लीक हुआ है, तब हमने छात्रों के हित में परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।”
“कोई गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी”
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह लड़ाई परीक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ है। मामले की जांच CBI को सौंपी गई है और एजेंसी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। (NEET Paper Leak)
उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों को शहर चुनने का मिलेगा विकल्प
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने का विकल्प दिया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थियों को एक सप्ताह का समय मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि:
- NEET-UG री-एग्जाम के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।
- परीक्षा प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त तकनीकी उपाय लागू किए जाएंगे।
- आने वाले समय में परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह आधुनिक और पारदर्शी बनाया जाएगा।
उच्चस्तरीय बैठक में हुई समीक्षा
गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री के आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें NEET-UG की पुनः परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में NTA, CBSE और शिक्षा मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
NTA ने कहा है कि परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल उसके आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही जारी की जाएगी और छात्रों को अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। (NEET Paper Leak)