बीजापुर । जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गंगालूर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंगालूर थाना पुलिस टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में नक्सली डंप सामग्री बरामद की है।
यह भी पढ़े :- जांजगीर-चांपा में 2.21 लाख की “चोरी” का खुलासा: लेनदारों से बचने खुद ही रची थी झूठी साजिश
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में होंडा कंपनी के 2 जनरेटर, 2 लेथ मशीन, 1 इन्वर्टर, 4 बैटरियां, 50 मीटर कार्डेक्स वायर, प्लास्टिक सामग्री और 1 देशी बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली विस्फोटक तैयार करने और अन्य गतिविधियों में करते थे।
पुलिस के अनुसार, इलाके में लगातार चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान यह सफलता मिली है। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
इधर, छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश सीमा से लगे अल्लूरी सिताराम राजू जिला में भी सुरक्षा बलों को एक अहम सफलता मिली है। 5 लाख रुपए की इनामी महिला माओवादी पोडियम लक्ष्मी ने आत्मसमर्पण कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी उसूर थाना क्षेत्र की निवासी है और लंबे समय से नक्सली संगठन से जुड़ी हुई थी। वह डीकेएसजेडसी के 2 सीआरसी पीएलजीए बटालियन की सक्रिय सदस्य बताई जा रही है और छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर इलाके में सक्रिय थी।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर उसने एटका पुलिस कैंप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज मीणा के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत रोजगार, आर्थिक सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।



