जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में 2.21 लाख रुपये की कथित चोरी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह चोरी नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता द्वारा खुद रची गई एक झूठी साजिश थी, जिसे उसने लेनदारों से बचने के लिए अंजाम दिया था।
यह भी पढ़े :- सोमनाथ अमृत महोत्सव से जुड़े विजय शर्मा, भोरमदेव में की पूजा-अर्चना
खेत बिक्री की रकम चोरी होने का किया था दावा
बनडभरा गांव निवासी नरेश भरद्वाज ने 9 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 8 मई को उसने 2 लाख 21 हजार रुपये में अपना खेत बेचा और यह रकम घर की अलमारी में रखी थी।
शिकायत के अनुसार, रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर अलमारी से पैसे चोरी कर लिए और उन्हें पास के खेत में ले जाकर निकाल लिया।
जांच में सामने आया झूठा मामला
शिकायत दर्ज होने के बाद जब पुलिस टीम ने जांच शुरू की तो मामला संदिग्ध लगा। आरोपी का व्यवहार भी लगातार टालमटोल वाला पाया गया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का सच सामने आ गया।
लेनदारों से बचने रची गई साजिश
पूछताछ में नरेश भरद्वाज ने स्वीकार किया कि उसने गांव के कुछ लोगों से पैसे उधार लिए थे। कर्ज लौटाने से बचने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी बनाई।
उसने अलमारी को खुद घर से कुछ दूरी पर ले जाकर क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखी रकम निकालकर घर की छत पर छिपा दी थी।
पुलिस ने बरामद की रकम
पुलिस ने पूरी राशि 2.21 लाख रुपये बरामद कर ली है और उसे संबंधित व्यक्ति को सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने कहा है कि झूठी शिकायत दर्ज कराना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



