धमतरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दानीटोला वार्ड में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को शादी का झांसा देकर ‘यूनिक रिश्ते’ नामक फर्जी प्लेटफॉर्म के जरिए हजारों रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया।
यह भी पढ़े :- बारनवापारा अभयारण्य में सूखे का असर, वन विभाग ने वन्यजीवों के लिए बढ़ाए जल संरक्षण उपाय
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रवि कुमार बघेल के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एक मैट्रिमोनियल सेवा से जुड़ा बताया। बातचीत के दौरान युवक को एक लड़की की फोटो भेजी गई, जिसे देखकर वह शादी के लिए तैयार हो गया।
इसके बाद ठगों ने रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रिया के नाम पर UPI के जरिए पैसे मांगने शुरू कर दिए। पीड़ित ने अलग-अलग चरणों में लगभग 14,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ दिन बाद जब युवक ने लड़की से मिलने या आगे बातचीत की बात की, तो उसे बताया गया कि संबंधित लड़की किसी और के साथ चली गई है। इस जवाब से वह पूरी तरह हैरान रह गया और खुद को ठगा महसूस करने लगा।
इसके बाद पीड़ित रवि कुमार बघेल ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फिलहाल उसे ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
पीड़ित का कहना है कि इस तरह की ठगी से लोग आसानी से शिकार बन रहे हैं और दूसरों को भी ऑनलाइन रिश्तों के झांसे में न आने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आगे की जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



