बस्तर। जिले के दरभा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अंधविश्वास के चलते दो सगे भाइयों ने मिलकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- ऑनलाइन रिश्ते के नाम पर युवक से 14 हजार की ठगी, ‘यूनिक रिश्ते’ बनकर दिया धोखा
मृतक की पहचान मंगलू मंडावी के रूप में हुई है, जो पखनार गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि गांव के ही आयतू मड़कामी और सुखराम मड़कामी नामक दो भाइयों को लंबे समय से यह शक था कि मंगलू जादू-टोना करता है।
इसी शक के आधार पर दोनों भाइयों ने गुरुवार को उसकी हत्या की योजना बनाई। 30 अप्रैल को जब मंगलू अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था, तभी दोनों आरोपी शराब के नशे में वहां पहुंचे और उससे विवाद करने लगे।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने मंगलू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों आयतू और सुखराम मड़कामी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया है, जिसके तहत दोष सिद्ध होने पर मृत्युदंड या आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।



