रायपुर। पुलिस ने 50 लाख रुपये के गबन मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 49,50,000 रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार (CG 04 QG 6633) और घटना में प्रयुक्त वर्ना कार (CG 06 HB 8055) जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 66.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- 400 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, 2-3 घंटे तक बना रहा, फिर सुरक्षित उतारा गया
ऐसे रची गई थी साजिश
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कृष्णा साहू कंपनी में ड्राइवर है। उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से ही गबन की योजना बनाई थी। 25 अप्रैल 2026 को कंपनी का एकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन ड्राइवर कृष्णा साहू के साथ करीब 50 लाख रुपये लेकर बैंक जा रहा था। रास्ते में गीतांजली नगर स्थित भारत माता चौक के पास कृष्णा साहू ने गुटखा लेने के बहाने भूपेंद्र को कार से उतार दिया और मौका पाकर नकदी सहित कार लेकर फरार हो गया।
ऐसे पकड़ में आए आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी के भागने के रास्तों की पहचान की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर कृष्णा साहू को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों और रिश्तेदारों की संलिप्तता कबूल की, जिसके बाद एक महिला सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
कृष्णा साहू (मुख्य आरोपी)
कन्हैया राणा
सविता साहू
भुनेश्वर साहू
ओमप्रकाश साहू
विष्णु प्रसाद पटेल
टीकम पटेल
इस मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4), 306 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस केस को सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी ट्रैकिंग और लगातार दबिश की रणनीति अहम रही। आरोपियों ने गबन की रकम आपस में बांट ली थी, जिसे बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के संगठित अपराधों पर आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



