राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रामाटोला में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- भारतमाला घोटाला: पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के रिश्तेदार के घर ED की रेड, कई जिलों में मुआवजा घोटाले की जांच तेज
मृतक की पहचान रामाटोला निवासी 20 वर्षीय योमिश सिन्हा के रूप में हुई है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम सांखरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान योमिश सिन्हा का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रविवार देर रात रामाटोला में चल रहे एक अन्य शादी समारोह में उसे घेर लिया।
पहले आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



