रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव के निर्देश दिए हैं।
धान से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर-हेल्पर की मौके पर मौत, एक घायल
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 30 जून 2026 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इस दौरान बच्चों की उपस्थिति सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक ही सीमित रहेगी, ताकि उन्हें अत्यधिक तापमान और लू के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
निर्देशों के अनुसार, इस अवधि में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी। साथ ही पूरक पोषण आहार का वितरण भी नियमित रूप से जारी रहेगा, जिससे बच्चों के पोषण और शिक्षा पर कोई प्रभाव न पड़े।
आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से प्रारंभ होंगे, जिसमें बच्चों की उपस्थिति 9:00 बजे तक रहेगी, जबकि अन्य सेवाओं के लिए केंद्र 11:00 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने जॉब चार्ट के अनुसार अन्य कार्यों का निष्पादन करेंगी।
मुख्यमंत्री ने गृहभेंट के माध्यम से पोषण परामर्श को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत कार्यकर्ता केंद्र बंद होने के बाद घर-घर जाकर माताओं को जागरूक करेंगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि बच्चों को सुरक्षित रूप से घर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस संबंध में लक्ष्मी राजवाड़े, महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें और नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकाल समाप्त होने के बाद 1 जुलाई 2026 से आंगनबाड़ी केंद्र पुनः अपने सामान्य समय सुबह 9:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।



