बस्तर। जगदलपुर से धान लेकर सुकमा की ओर जा रहा एक ट्रक दरभा थाना क्षेत्र में कोलेंग नाले के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के नीचे दबने से ड्राइवर और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
छत्तीसगढ़ कैबिनेट की अहम बैठक 29 अप्रैल को, बड़े फैसलों की संभावना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा दरभा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब ट्रक कोलेंग नाले के पास एक मोड़ पर पहुंचा। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक नाले में जा पलटा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह पलट गया और उसमें लदा धान सड़क किनारे बिखर गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक के नीचे दबे ड्राइवर चेतन लाल ठाकुर और हेल्पर संजय सेठिया को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक अन्य युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही दरभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



