रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही ‘सीएम हेल्पलाइन नंबर’ शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक 24 घंटे अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकेगा। इस पर दर्ज शिकायतों का तय समय सीमा में समाधान करना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह जानकारी जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निपटारे के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाएगी और यदि समय पर समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान हो सके।
वहीं विधानसभा में निंदा प्रस्ताव के लिए बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं के अधिकारों को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर इसके विरोध का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की जनता में टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति नाराजगी है और लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।



