भिलाई/कुम्हारी। मेंटेनेंस के बाद हाल ही में शुरू किए गए खारून नदी ब्रिज पर दो दिन के भीतर ही एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1 बजे दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित खारून नदी ब्रिज पर हुआ। काले रंग की पल्सर बाइक (एमपी 65 एमई 8516) पर सवार युवक ब्रिज पार कर रहा था, तभी पीछे से आ रहे हाईवा ट्रक (सीजी 04 पीक्यू 8262) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू किया। मृतक की पहचान जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर आरिफ रजा मंसूरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुपेला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की चेतावनी देती है।



