रायपुर। छत्तीसगढ़ इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और सूरज मानो आग बरसा रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। शनिवार को राजनांदगांव में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे प्रदेश में लू जैसे हालात बन गए हैं।
यह भी पढ़े :- Raigarh Collector Order : 1 मई से जनगणना…! कलेक्टर का सख्त आदेश…घर में कोई रहे मौजूद…स्टाफ की छुट्टियां रद्द
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हवा में नमी बेहद कम होने और पश्चिम-दक्षिण पश्चिम से चल रही गर्म हवाओं के कारण तपिश और तेज हो गई है।
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में अगले 48 घंटों तक हीट वेव की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलना खतरनाक साबित हो सकता है।
राजधानी रायपुर में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ने के संकेत दे दिए हैं। जहां अप्रैल में सामान्य तापमान 39.5°C रहता है, वहीं इस समय पारा 44°C के आसपास बना हुआ है, यानी सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा।
गौरतलब है कि अप्रैल के आखिरी दिनों में तापमान अपने चरम पर पहुंचता है। पुराने रिकॉर्ड देखें तो 30 अप्रैल 1942 को रायपुर में 46.1°C और 28 अप्रैल 1999 को 45.4°C तापमान दर्ज किया गया था। मौजूदा हालात को देखते हुए इस बार भी पारा 45°C के पार जाने की पूरी आशंका है।
दिन ही नहीं, रातें भी अब गर्म हो चली हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही। घरों में भी गर्मी से बेचैनी बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और विकराल रूप ले सकती है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान और बढ़ेगा, जिससे हीट वेव और तीव्र हो सकती है।
राहत की बात करें तो फिलहाल कोई ठोस संकेत नहीं हैं। हल्की आंधी या गरज-चमक हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है।
सावधानी ही बचाव:
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, धूप से बचें, सिर ढककर ही बाहर निकलें और दोपहर के समय बाहर जाने से परहेज करें। आने वाले दिन इस सीजन के सबसे ज्यादा गर्म और खतरनाक साबित हो सकते हैं।



