धमतरी: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले दो दिनों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 66 ग्राम हेरोइन बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
यह भी पढ़े :- फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई, जहां दो आरोपियों को 10.30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अगले दिन अर्जूनी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन आरोपियों को 56 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया।
बरामद मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



