रायगढ़/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। ताजा जानकारी के अनुसार, रायगढ़ के ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश श्रमिक पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े :- Sakti Accident SDM Inquiry : बॉयलर ब्लास्ट केस में बड़ा एक्शन…! SDM को सौंपी जांच…8 अहम बिंदु तय…यहां देखें
अब तक 9 मजदूरों की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हो चुकी है, जबकि 26 से अधिक घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुआ। अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
परिजनों का हंगामा, गेट बंद
घटना के बाद परिजनों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
परिजनों का आरोप है कि उन्हें न तो मृतकों के पास जाने दिया जा रहा है और न ही सही जानकारी दी जा रही है। उन्होंने उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
CM विष्णुदेव साय ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित इलाज के निर्देश भी दिए हैं।

जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को घटना की जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों पर नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हादसे पर दुःख जताते हुए अधिकारियों को अलर्ट पर रहने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त एम्बुलेंस व मेडिकल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
घायल मजदूरों का इलाज जारी
रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस और अन्य अस्पतालों में भर्ती घायलों का उपचार जारी है। कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।



