कटघोरा, 30 मार्च। Bageshwar Dham : छत्तीसगढ़ के कटघोरा क्षेत्र में बागेश्वर धाम की कथा से पहले ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन के बाद उनके ठहरने के स्थान अग्रसेन भवन में जमकर हंगामा हुआ, जिसने आयोजन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, ‘अपना घर सेवा परिवार’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उस समय विवाद शुरू हुआ, जब महाराज से मुलाकात और बैठने की व्यवस्था को लेकर उनके पीएसओ बसंत अग्रवाल और आयोजक अमरजीत सिंह के बीच बहस छिड़ गई। आरोप है कि बसंत अग्रवाल लगातार अपने खास मेहमानों को प्राथमिकता दे रहे थे, जिससे आम श्रद्धालुओं और आयोजकों में नाराजगी बढ़ गई।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बात बहस से आगे बढ़कर धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। अग्रसेन भवन के अंदर मचे इस हंगामे से वहां मौजूद श्रद्धालु भी हैरान रह गए।
यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर इस बात को उजागर करता है कि धार्मिक आयोजनों में ‘वीआईपी संस्कृति’ किस तरह हावी हो रही है। जहां एक ओर लोग आस्था लेकर पहुंचते हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग अपने प्रभाव और पहुंच के दम पर व्यवस्था को प्रभावित करते नजर आते हैं।
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। इसके बाद देर रात करीब 11 बजे महाराज ने भक्तों से मुलाकात कर आशीर्वाद दिया। हालांकि, इस घटना ने आयोजन प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



