मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। डीआरजी और आईटीबीपी के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई में जंगल से माओवादियों का हथियारों से भरा डंप बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में जवानों ने बस्तर के सीमावर्ती इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। आज सुबह मिली सूचना के आधार पर कांकेर जिले के उयकाटोला और कोवाचीटोला तथा मानपुर ब्लॉक के कलवर गांव के बीच जंगल में गड्ढे में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप मिला।
बरामद डंप से एक AK-47 रायफल, एक इंसास रायफल, कारतूस और अन्य हथियार संबंधी सामग्री जब्त की गई है। सुरक्षा बलों ने सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इसी उयकाटोला क्षेत्र के जंगल से कुछ समय पहले आरकेबी डिवीजन के पांच माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था।



