रायपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षाबलों को एक और सफलता मिली है। कांकेर जिले में शनिवार को तीन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल और गैस सप्लाई पर सख्त हुए CM साय, अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, परतापुर थाने पहुंचकर नक्सलियों ने बिना हथियार आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वालों में संगीता कुंजाम, संजू और लखमू शामिल हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा तीनों से पूछताछ की जा रही है।
हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
बस्तर संभाग में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के चलते माओवादियों पर दबाव बढ़ा है। हाल ही में डीकेएसजेडसीएम पापा राव समेत 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनके पास से नकद राशि और आधुनिक हथियार बरामद किए गए थे।
राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का भी असर देखने को मिल रहा है, जिसके तहत बड़ी संख्या में नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी नक्सलियों से मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि जो नक्सली शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं, उन्हें सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक 2700 से अधिक माओवादी मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।
केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त बनाने का लक्ष्य तय किया है, जिसके तहत लगातार अभियान जारी हैं।



