अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर अंतर्गत बिकापुर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के एक ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े :- कांकेर नक्सल मुक्त होने के करीब, DVCM चंदर-रूपी समेत 19 नक्सलियों का सरेंडर आज
मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार रजनीकांत ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने विभाग द्वारा सौंपे गए कार्यों को समय पर और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया है, इसके बावजूद उन्हें अब तक भुगतान नहीं किया गया है। रजनीकांत ने आरोप लगाया है कि भुगतान के बदले उनसे कमीशन की मांग की जा रही है, और मना करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
ठेकेदार ने इस संबंध में सरगुजा कलेक्टर के नाम एक लिखित शिकायत पत्र भी सौंपा है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि यदि शीघ्र ही उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
इस चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सरगुजा कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।



