बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की जर्जर सड़कों को लेकर दायर जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए राज्य सरकार और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने कहा कि कुछ परियोजनाओं में प्रगति हुई है, लेकिन सभी कार्य समय पर पूरे हों, इसके लिए सतत मॉनिटरिंग जरूरी है।
कोर्ट ने राज्य शासन और NHAI को विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 5 मई को होगी।
सरकार ने दी प्रगति की जानकारी
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने शपथपत्र के जरिए कई सड़क परियोजनाओं की स्थिति बताई। बिलासपुर में पेंड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक सड़क निर्माण के लिए 4937.39 लाख की जगह अब 4079 लाख रुपए का बजट आवंटित किया गया है और प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।
सीपत-बलौदा रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि जशपुर-अंबिकापुर सहित राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़कों का काम NHAI द्वारा किया जाएगा। मोपका-सेंदरी बायपास को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द टेंडर जारी होगा।
श्रीकांत वर्मा चौक से CMD चौक तक सड़क निर्माण को 3 फरवरी 2026 को मंजूरी दी गई है। तारबहार से शिव टॉकीज चौक तक का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं मंगला चौक से दीनदयाल उपाध्याय नगर तक चौड़ीकरण का कार्य जारी है। नारायणपुर से भाटापारा रोड के लिए 9 मार्च 2026 को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है।
NHAI ने भी दी स्थिति रिपोर्ट
NHAI ने कोर्ट को बताया कि NH-130 (कोरबा-कटघोरा) में जमीन विवाद के कारण रुका 2 किमी का काम अब शुरू हो गया है। 20.13 करोड़ रुपए की लागत से नया टेंडर जारी कर जनवरी 2026 से काम फिर शुरू किया गया है, जिसे मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके अलावा NH-149B (कटघोरा-गोपालपुर) की 8.55 किमी सड़क के सुधार और मजबूतीकरण का 22.48 करोड़ रुपए का कार्य तेजी से जारी है।
कोर्ट ने दिए सख्त निर्देश
डिवीजन बेंच ने कहा कि सरकार और NHAI द्वारा उठाए गए कदम सकारात्मक हैं, लेकिन समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करना जरूरी है। कोर्ट ने पीडब्ल्यूडी सचिव को अगली सुनवाई तक अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही NHAI को भी सभी परियोजनाओं की समय-सीमा और पूर्णता की स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। कोर्ट 5 मई की सुनवाई से पहले सभी कार्यों की प्रगति की निगरानी करेगा।



