Sone Chandi ka Aaj ka Rate: सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना और चांदी की कीमतों में मंगलवार को तेजी देखने को मिली। अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने और पश्चिम एशिया के हालात को लेकर बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने फिर से बुलियन में खरीदारी बढ़ाई। चांदी की कीमत 3000 रुपये बढ़कर 2.59 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 860 रुपये बढ़कर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी का भाव
एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड की कीमत मामूली बढ़त के साथ करीब 5,008 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। वहीं स्पॉट सिल्वर की कीमत 0.21% गिरकर लगभग 80.5 डॉलर प्रति औंस पर रही।विशेषज्ञों के मुताबिक, सोमवार को गिरावट के बाद तेल कीमतों में फिर हल्की बढ़त देखने को मिली। निवेशक एक ओर आपातकालीन तेल भंडार जारी करने की संभावनाओं पर नजर रख रहे हैं, तो दूसरी ओर ऊर्जा ढांचे पर बढ़ते हमलों के जोखिम का भी आकलन कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी डॉलर इंडेक्स करीब 0.6% कमजोर हुआ, जिससे सोने को कुछ सहारा मिला।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव
इस बीच अमेरिका, इस्राइल और ईरान से जुड़े संघर्ष को अब तीन सप्ताह हो चुके हैं। सोमवार को ईरान ने फारस की खाड़ी क्षेत्र में कई जगह हमले किए, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात का एक प्रमुख तेल केंद्र और एक बड़ा गैस फील्ड भी शामिल था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए अन्य देशों से सहयोग की अपील की है, जहां से गुजरने वाली तेल आपूर्ति लगभग ठहर गई है। साथ ही ट्रंप ने ईरान के खार्ग द्वीप स्थित अहम तेल बुनियादी ढांचे पर हमले बढ़ाने की चेतावनी भी दी है।
जारी तनाव के बीच महंगाई बढ़ने की आशंकाएं भी तेज हुई हैं, जिससे यह उम्मीद कम हो रही है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व जल्द ही ब्याज दरों में कटौती करेगा। इसी वजह से फिलहाल सोना और चांदी की कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।



