जशपुर। जिले के गम्हरिया क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सुबह हुए हिट एंड रन हादसे में दो वाहन मिस्त्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गम्हरिया निवासी अब्दुल लकड़ा मिस्त्री और हिरा राम मिस्त्री गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अब्दुल लकड़ा मिस्त्री और हिरा राम मिस्त्री ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है। दोनों मृतक पेशे से वाहन मिस्त्री बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित मार्गों पर जांच की जा रही है।



