NH-30 पर हादसा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से सटे आसना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में सुरक्षा बल के एक जवान की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-30 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार डीआरजी जवान भरत भारती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में भरत भारती का चयन बस्तर फाइटर में हुआ था, जिसके बाद उनकी तैनाती डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) दस्ते में की गई थी। हादसे के बाद पुलिस विभाग और जवान के साथियों में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



