रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद जनविश्वास बढ़ाने और प्रभावी पुलिसिंग को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) के निर्देशन में शंकर नगर स्थित सभागार में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में कमिश्नरी सिस्टम के तहत पुलिस की भूमिका, जिम्मेदारियां और आम जनता की अपेक्षाओं पर गहन चर्चा हुई। यह सेमिनार आरक्षक स्तर से लेकर पुलिस कमिश्नर तक रायपुर कमिश्नरेट के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरेट के प्रमुख जोन अधिकारियों का उनके अधीनस्थ अराजपत्रित अधिकारियों से औपचारिक परिचय कराया गया, ताकि टीमवर्क और समन्वय को और मजबूत किया जा सके। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन के कार्यक्षेत्र, प्राथमिकताओं और एसीपी डिवीजनों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरी प्रणाली का मुख्य उद्देश्य पुलिस को अतिरिक्त अधिकार देना नहीं, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच मजबूत भरोसे का रिश्ता कायम करना है। उन्होंने कहा, “भयमुक्त और सुरक्षित रायपुर तभी संभव है, जब पुलिस संवेदनशील, जवाबदेह और जनहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करे।” डॉ. शुक्ला ने बेसिक पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि नागरिकों से शालीन व्यवहार, सभ्य आचरण और शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर वैधानिक समाधान प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की समीक्षा में यह बात सामने आई है कि कई मामलों में आम लोगों को अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल पाती, जिसे गंभीरता से सुधारने की आवश्यकता है। विजिबल पुलिसिंग के बारे में उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब केवल सड़क पर मौजूदगी दिखाना नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा और भरोसे की भावना पैदा करना है। यह प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। अपराधियों के प्रति कानून पूरी सख्ती से लागू रहेगा, जबकि आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार मानवीय और सहयोगात्मक होना चाहिए। पुलिस कमिश्नर ने स्वच्छ वर्दी, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार को पुलिस की असली पहचान बताते हुए कहा कि एक सजग और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास स्थापित कर सकता है। उन्होंने दोहराया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सेमिनार में एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित सभी एसीपी, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Related Posts
About Us
रायपुर न्यूज नेटवर्क, छत्तीसगढ़ का सबसे लोकप्रिय और विश्वसनीय वेब पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल है,जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के हर कोने से ताजा और सटीक समाचार आपके सामने लाता है। हमारा मिशन है जनता तक हर खबर को पूरी सच्चाई, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पहुँचाना। राजनीति, अपराध, मनोरंजन, खेल और समाज से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को हम प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हैं। हमारे संवाददाता अपनी रुचि और जिम्मेदारी के साथ खबरें प्रेषित करते हैं, लेकिन रायपुर न्यूज नेटवर्क किसी भी खबर की सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है। सभी समाचार-संबंधी प्रकरणों का न्याय क्षेत्र रायपुर, छत्तीसगढ़ होगा।
रायपुर न्यूज नेटवर्क – सच्चाई की आवाज, जनता की पसंद!
Contact Us
News Editor:
Pankaj Vishwakarma
Mobile: +91-9424225035
Email:
raipurnewsnetwork@gmail.com
Address: Shop No. 17, Mahila Samridhi Bazar, Budeswer Chowk, Raipur, Chhattisgarh
Important Pages
© 2025 Raipur News Network. Designed by Nimble Technology.


