जांजगीर। जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच काउंटर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, बीते दो रातों में डकैती और हत्या के प्रयास की पांच वारदातों को अंजाम देने वाले 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड पुलिस घेराबंदी से निकलने की कोशिश में घायल हो गया। यह मामला शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आठवां बदमाश और पूरे गिरोह का सरगना रामनाथ पुलिस की घेराबंदी में फंस गया था। रविवार सुबह खुद को बचाने के लिए उसने देशी कट्टे से पुलिस जवानों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लगातार इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। बीते दो दिनों में इन्होंने अलग-अलग स्थानों पर डकैती और हत्या के प्रयास की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन वारदातों के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सघन घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद यह बड़ी सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।



