रायपुर। शहर के डी.डी.नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं में संलिप्त आदतन चोर सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी दर्जनों चोरी/नकबजनी मामलों में जेल निरूद्ध रह चुका है।
जानकारी के अनुसार, डी.डी.नगर थाना क्षेत्र की आवासीय कॉलोनियों में रात के समय सुनसान मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विशेष टीम ने सतर्कता और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान की।
टीम ने पता लगाया कि सिद्धार्थ सिंह और उसके साथी चोरी की हुई दोपहिया वाहन में घूम-घूम कर कॉलोनियों में प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चुराते थे। लगातार गश्त, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ सिंह, पिता राकेश सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी पी.आर.टी. कॉलोनी, अमलेश्वर, जिला दुर्ग के कब्जे से चोरी की सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, एक चोरी की दोपहिया वाहन, एक मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत लगभग ₹4,00,000/- है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर डी.डी.नगर क्षेत्र में चार घर और एक दोपहिया वाहन चोरी करने की अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से बरामद सामग्री और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 303(2), 331(4), 305, 3(5), 111 बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि आरोपी के अन्य फरार साथी और आसपास की चोरी की घटनाओं का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।
खुलासा हुए प्रकरण
थाना डी.डी.नगर – अप.क्र 560/25
थाना डी.डी.नगर – अप.क्र 43/26
थाना डी.डी.नगर – अप.क्र 53/26
थाना डी.डी.नगर – अप.क्र 55/26
दोपहिया वाहन चोरी – थाना डी.डी.नगर अप.क्र 40/26
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड: 11 से अधिक चोरी/नकबजनी के मामले, जिनमें वह पहले भी जेल जा चुका है।



