राजनांदगांव : जिले के खैरागढ़ क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग को शादी में बदलने का दबाव बना रही युवती की उसके प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस Rajnandgaon Girlfriend Murder Case को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 26 जनवरी की दोपहर की है, जब लोग गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों में व्यस्त थे। उसी दौरान खैरागढ़ पुलिस को हरडुवा बांध में पानी में एक युवती की लाश तैरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवती के सिर पर चोट के कई निशान थे और शव दुपट्टे के सहारे एक बड़े पत्थर से बंधा हुआ था। हत्या की आशंका के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान युवती का आधार कार्ड और मेडिकल दस्तावेज मौके से मिले, जिससे उसकी पहचान नए रामनगर निवासी 21 वर्षीय रूपा साहू के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि रूपा साहू का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा से लंबे समय से प्रेम संबंध था और वह शादी के लिए लगातार दबाव बना रही थी।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी को दोनों की मुलाकात हुई और वे हरडुवा बांध की ओर गए। वहीं आरोपी ने पत्थर से युवती के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को पत्थर से बांधकर पानी में फेंक दिया। हालांकि, शव पानी में ऊपर आ गया, जिससे मामला उजागर हो गया।




