सरगुजा। जिले के अंबिकापुर से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक पर आदिवासी युवती को अपना नाम और धर्म छुपाकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर आर्थिक और मानसिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता और हिंदू संगठनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की फर्जी पहचान
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का असली नाम मोहम्मद महफूज है और वह बिहार के पटना का मूल निवासी है। उसने फेसबुक पर स्वराज पैकरा / नितिन पैकरा नाम से फर्जी आईडी बनाई और खुद को हिंदू युवक बताकर पीड़िता से दोस्ती की। इसी फर्जी पहचान के जरिए उसने युवती से प्रेम संबंध बनाए और शादी का झांसा देकर 54 हजार रुपये नकद ठग लिए। पीड़िता के पास इन लेन-देन के स्क्रीनशॉट उपलब्ध हैं, जो सबूत के तौर पर पुलिस के पास हैं।
आरोपी के झूठे दावे
हिंदू संगठन के नेता दिनेश शुक्ला ने बताया कि आरोपी बस स्टैंड क्षेत्र के एक लॉज में ठहरा हुआ था। वह खुद को रेलवे कर्मचारी बताता था। उसने पीड़िता सहित अन्य युवतियों को नौकरी दिलाने, शादी करने और बेहतर भविष्य का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। हैरानी की बात यह है कि आरोपी हार्ट पेशेंट है और उसके शरीर में पेसमेकर लगा हुआ है, फिर भी वह ऐसी गतिविधियों में संलिप्त रहा।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे
सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छुपाकर कई लड़कियों को ठगी और शोषण का शिकार बनाया। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में यह बात सामने आई कि उसने अन्य लड़कियों के साथ भी इसी तरह के कृत्य किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, शोषण, फर्जी पहचान और संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अभी तक एक युवती ने अपना बयान दर्ज कराया है, जबकि दो अन्य संभावित पीड़िताओं के सामने आने की आशंका है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अन्य संभावित पीड़िताओं से संपर्क किया जा रहा है और उन्हें आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।



