रायपुर। काफी समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर आज पूछताछ के लिए पुरानी बस्ती थाना पहुंचे। सुप्रीम कोर्ट ने रोहित तोमर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा रखी है।
रोहित तोमर के खिलाफ तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और राजधानी के अन्य थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में चाकूबाजी, मारपीट, हत्या के प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस ने रोहित के बड़े भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर को बीते साल 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। लेकिन रोहित को पकड़ने में अब तक रायपुर पुलिस असफल रही थी।
इस बीच रोहित ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जिसने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए पुलिस को सहयोग करने का निर्देश दिया। इसके बाद आज रोहित तोमर पुरानी बस्ती थाना में पेश हुए, जहां उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।



