बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के तेलीपारा मेडिकल कॉम्प्लेक्स के समीप खुले स्थान पर एक्सपायरी दवाओं का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद ड्रग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी दवाओं को जब्त कर लिया।
खुले में फेंकी गई इन दवाओं से बच्चों, जानवरों और पर्यावरण को गंभीर खतरा होने की आशंका जताई जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दवाएं नियमानुसार नष्ट करने के बजाय लापरवाही से खुले स्थान पर फेंकी गई थीं।
ड्रग विभाग ने बताया कि जब्त की गई दवाओं के बैच नंबर और अन्य विवरण के आधार पर संबंधित मेडिकल एजेंसी या सप्लायर की पहचान की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ड्रग विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि एक्सपायरी दवाओं को कहां से और किसकी लापरवाही से खुले में फेंका गया।



