रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के 200 गुम हुए मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। यह मोबाइल देश के विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत आवेदकों द्वारा दर्ज कराए गए गुम मोबाइल के मामलों पर तकनीकी विश्लेषण कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों से कुल 200 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है। सभी मोबाइल फोन आज 20 जनवरी 2026 को उनके स्वामियों को वितरित किए गए।

तकनीकी जांच और अंतरराज्यीय समन्वय से मिली सफलता
गुम मोबाइल की तलाश के दौरान साइबर यूनिट द्वारा तकनीकी माध्यमों से यह पता लगाया गया कि मोबाइल वर्तमान में किसके उपयोग में है। कई मामलों में जानकारी मिलने पर मोबाइल धारकों ने फोन बंद कर दिए, जिसके बाद अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर तस्दीक कराई गई और मोबाइल बरामद कर संबंधित थानों में जमा कराए गए।
कुछ मामलों में मोबाइल धारकों ने स्वयं भी मोबाइल फोन कुरियर के माध्यम से रायपुर भेजे।
वर्ष 2025 में 750 मोबाइल लौटाए जा चुके
रायपुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के कुल 750 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।
रायपुर पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत www.ceir.gov.in
पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का किसी अपराध में दुरुपयोग न हो सके। साथ ही मोबाइल फोन को हमेशा पासवर्ड/लॉक कर रखें और साइबर अपराधों से सतर्क रहें।



