रायपुर। छत्तीसगढ़ में मिड डे मील बनाने वाले लगभग 87 हजार रसोइये इस समय अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। 29 दिसंबर 2025 से रसोइया संयुक्त संघ ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू किया है। यह धरना नवा रायपुर के तूता स्थित धरनास्थल पर जारी है, जहां सैकड़ों महिला और पुरुष रसोइये शामिल हैं।
धरनास्थल पर रसोइयों ने “मानदेय दो, सम्मान दो” और “वादे निभाओ सरकार” जैसे नारे लगाए। रसोइया संघ ने साफ किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
रसोइयों की प्रमुख मांगें
-
कलेक्टर दर से मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
-
सरकार द्वारा 50% मानदेय बढ़ोतरी का वादा तुरंत लागू किया जाए।
-
छात्र संख्या कम होने के नाम पर रसोइयों की नौकरी न छीनी जाए और अंशकालीन रसोइयों को पूर्णकालीन किया जाए।
रसोइया संघ का आरोप है कि चुनाव से पहले सरकार ने कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।



