गरियाबंद। जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मोस्ट वांटेड नक्सली बलदेव और अंजू समेत कुल 8 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली हथियारों के साथ पुलिस के सामने पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, बलदेव और अंजू डीवीसी (DVC) मेंबर हैं और दोनों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। ये नक्सली लंबे समय से सुरक्षा बलों को चुनौती दे रहे थे।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही बलदेव और अंजू के परिवार ने सार्वजनिक रूप से घर वापसी की अपील की थी, जिसके बाद यह बड़ा घटनाक्रम सामने आया। इस अपील का असर अब जमीन पर दिखने लगा है।
सूत्रों के अनुसार, नक्सल संगठन के अंतिम 20 सक्रिय सदस्यों में से अब तक 9 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिससे संगठन की कमर टूटती नजर आ रही है।
आत्मसमर्पण के बाद सुरक्षा एजेंसियां सभी नक्सलियों से पूछताछ कर रही हैं। प्रशासन इसे नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मान रहा है।



