राउरकेला (ओडिशा)। इंडिया वन एयर का एक चार्टर्ड छोटा विमान ओडिशा के राउरकेला हवाई पट्टी से करीब 9 किलोमीटर दूर तकनीकी खराबी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत कुल छह लोग घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़े :- इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट में सीएम साय की बड़ी घोषणा, मंडी शुल्क एक साल के लिए शून्य
उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने विमान को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन जाल्दा इलाके के पास विमान क्रैश हो गया। पायलट को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विमान में कौन था सवार
विमान में चार यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। क्रू में कैप्टन नवीन कडंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी छह घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
बचाव अभियान
हादसे के तुरंत बाद तीन फायर ब्रिगेड की टीमें, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी यात्रियों को समय रहते विमान से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान जाल्दा क्षेत्र में काफी नीचे उड़ता हुआ नजर आया और इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। लोगों ने बताया कि उन्होंने विमान को इतनी कम ऊंचाई पर पहले कभी नहीं देखा था। कुछ ही पलों में विमान आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास पेड़ों और आबादी वाला इलाका था। यदि विमान वहां टकराता, तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
जांच शुरू
हादसे के बाद विमानन विभाग और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्रीय विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



