बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसुमकसा के पास जम्ही रेलवे अंडरब्रिज में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लगभग 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक सीधे रेल पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा। हादसे में दोनों युवकों के पैर टूट गए।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट 7 जनवरी को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर, मनरेगा आंदोलन और संगठन मजबूती पर फोकस
इसी दौरान पटरी पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने नीचे गिरे युवकों को देख लिया और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। लोको पायलट के समय रहते सतर्कता दिखाने से एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन रुकने के बाद जब लोको पायलट मौके पर पहुंचे, तो दोनों घायल युवक मदद की गुहार लगाते मिले। वे दर्द से कराहते हुए बार-बार बाहर निकालने और परिजनों को फोन करने की बात कह रहे थे।
लोको पायलट ने तत्काल 112 पर कॉल कर एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। रेलवे कर्मचारियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को नीचे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शी लोको पायलट योगेश देशमुख ने बताया कि कुसुमकसा स्टेशन से आगे बढ़ते समय उन्हें पहले लगा कि पटरी पर कोई जानवर बैठा है। ट्रेन पास आने पर ऐसा लगा जैसे कोई व्यक्ति आत्महत्या के इरादे से ट्रैक पर खड़ा हो। इसी आशंका में उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी। नीचे उतरने पर पटरी के पास एक बाइक गिरी हुई दिखी और थोड़ी दूरी पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा था। तभी दूसरी ओर से नाली में गिरे युवक की मदद की आवाज भी सुनाई दी।
यह घटना 31 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भिलाई पावर हाउस निवासी चार युवक दो अलग-अलग बाइक से दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे। इसी दौरान अंडरब्रिज में तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।
घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बालोद जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने थाने में सुरक्षित रख लिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है



