रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में सक्रिय एम.डी.एम.ए ड्रग्स सिंडीकेट मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस ने वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में रेड कार्रवाई कर एम.डी.एम.ए ड्रग्स के साथ आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एम.डी.एम.ए ड्रग्स, 20 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल फोन पहले ही जब्त किए जा चुके हैं।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि ड्रग्स की खरीदी-बिक्री में एक ईवेंट डेकोरेटर भी शामिल है। इसके आधार पर मंदिर हसौद निवासी मोह. माजिद को गिरफ्तार किया गया, जो एम.डी.एम.ए ड्रग्स खरीदकर बिक्री करता था। वहीं ड्रग्स के एवज में ऑनलाइन भुगतान लेने के मामले में नंदलाल ठाकुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और एक चारपहिया वाहन टाटा हैरियर (क्रमांक RJ/19/CM/1977) जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिंडीकेट में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25, धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।



