रायपुर। कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरण से जुड़े मामले और एक धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रदेश में सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। स्थानीय जनजाति समाज पर कथित हमले के विरोध में सर्व समाज छत्तीसगढ़ ने आज 24 दिसंबर को प्रदेशव्यापी बंद का आह्वान किया था। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के मैग्नेटो मॉल में हंगामे की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़े :- दिल दहला देने वाली घटना: युवक ने अस्पताल वार्ड में खुद को जलाया, झुलसने से मौत
जानकारी के अनुसार, मैग्नेटो मॉल में क्रिसमस को लेकर सजावट और आयोजन की तैयारी की गई थी। इसी दौरान सर्व समाज और हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ कार्यकर्ता मॉल पहुंचे और क्रिसमस से जुड़ी सजावट पर आपत्ति जताने लगे। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने मॉल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सजावटी सामग्री को नुकसान पहुंचाते देखा जा सकता है।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मॉल परिसर में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
गौरतलब है कि आज घोषित छत्तीसगढ़ बंद का असर राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में देखने को मिला। जयस्तंभ चौक, शास्त्री बाजार, एमजी रोड, कटोरा तालाब सहित शहर के अधिकांश प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहे। सुबह से ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर नहीं खुले, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
इस दौरान हिंदू संगठनों द्वारा रैलियां भी निकाली गईं और व्यापारियों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी भी सड़कों पर उतरकर बाजार बंद कराने में सक्रिय नजर आए।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। वहीं किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की सलाह दी गई है।



