मोतिहारी (बिहार)। मोतिहारी जिले से एक सनसनीखेज और घिनौनी घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने जंगली खरगोश का मांस बताकर गांव वालों को कुत्ते का मांस बेच दिया। मांस खाने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई है।
यह भी पढ़े :- “थोड़ी देर में आती हूं” और सोना लेकर उड़ गई! ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा
मामला मधुबन प्रखंड के गरहिया बाजार थाना क्षेत्र स्थित गरहिया गांव का है। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला मंगरु सहनी, जो शराब का आदी बताया जा रहा है, ने इस वारदात को अंजाम दिया।
शराब के लिए पैसे नहीं थे, कुत्ते को मार डाला
ग्रामीणों के अनुसार, शराब पीने के लिए पैसे नहीं होने पर मंगरु सहनी ने गांव के एक कुत्ते को पकड़कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव के टुकड़े कर मांस को जंगली खरगोश का मांस बताकर गांव में बेचना शुरू कर दिया। कई ग्रामीणों ने उस पर भरोसा कर मांस खरीद लिया।
मांस खाते ही बिगड़ी हालत
गरहिया गांव निवासी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने मंगरु से मांस खरीदा था। मांस पकाकर खाने के कुछ ही देर बाद उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी, साथ ही वहां मौजूद ग्रामीण रामप्रवेश साहनी की तबीयत बिगड़ने लगी। पीड़ितों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत हुई।
1000 रुपये में 1 किलो मांस
अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी ने 500 रुपये में आधा किलो मांस बेचा था। बाद में जब ग्रामीणों ने मंगरु से सवाल किया तो वह शराब के नशे में गांव में घूम-घूमकर खुद ही कहने लगा कि उसने शराब के लिए पैसे जुटाने को कुत्ते का मांस बेचा है।
कुत्ते का सिर और हड्डियां मिलने से खुला राज
शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि आरोपी नशे में झूठ बोल रहा है, लेकिन जब गांव के बाहरी इलाके में कुत्ते का सिर और हड्डियां बरामद हुईं, तब सच्चाई सामने आ गई। इसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
थाने में शिकायत, जांच जारी
घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



