भिलाई से सामने आई ज्वेलरी चोरी की एक शातिर वारदात ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। खरीदारी के बहाने आई एक महिला ने ऐसी सफाई से हाथ की सफाई दिखाई कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी और सोने के टॉप्स गायब हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
यह भी पढ़े :- धर्मांतरण विवाद पर बस्तर में सर्व समाज बंद, जगदलपुर में तनाव और विवादित घटनाएं
मामला नेवई थाना क्षेत्र के रिसाली स्थित उपहार ज्वेलर्स का है। जानकारी के मुताबिक, 17 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे एक महिला ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई। उसने सोने के टॉप्स दिखाने को कहा और उन्हें हाथ में लेकर देखने लगी। वह पसंद करने का नाटक करती रही और दुकानदार का ध्यान भटकाने लगी।
CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही दुकानदार कैलकुलेटर लेने के लिए पलभर को पीछे मुड़ा, महिला ने फुर्ती से एक जोड़ी सोने के टॉप्स छिपा लिए। इसके बाद वह बड़े इत्मीनान से “थोड़ी देर में आती हूं” कहकर दुकान से बाहर निकल गई।
महिला के जाने के बाद जब दुकानदार ने सोने के डिब्बे का वजन मिलान किया, तो एक जोड़ी टॉप्स कम पाए गए। चोरी हुए टॉप्स का वजन करीब 4 ग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई।
दुकान संचालक सुजल जैन, निवासी महावीर कॉलोनी दुर्ग, ने तत्काल नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय एक महिला बैगनी रंग की स्कूटी (CG 07 BV 6149) से इलाके में घूम रही थी और चोरी किए गए गहनों को बेचने की फिराक में थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संगीता कोठारी (31 वर्ष), निवासी ग्राम खोला भिलाई, को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 ग्राम के सोने के टॉप्स बरामद किए और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
व्यापारियों के लिए चेतावनी
इस घटना के बाद ज्वेलरी व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में CCTV निगरानी और ग्राहकों पर पैनी नजर बेहद जरूरी है।



