दुर्ग जिले के नगपुरा गांव में आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देने वाली 9 महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कथा प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा सुनाई जा रही है, जिसमें प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
पुलगांव थाना अंतर्गत नगपुरा क्षेत्र में 17 दिसंबर से चल रहे इस धार्मिक आयोजन में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क थी। इसी दौरान अलग-अलग पंडालों में संदिग्ध गतिविधियों के साथ घूम रही 6 से अधिक महिलाओं पर पुलिस की नजर पड़ी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि सभी महिलाएं महाराष्ट्र के नागपुर की निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार की गई महिलाओं में प्रकाशी जाटव (60), अंजली जाटव (26), कोमल जाटव (25), सुजाता शिंदे (31), रतना शिंदे (60), ऊषा जाटव (40) सहित अन्य शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इनके द्वारा भीड़ का फायदा उठाकर उठाईगिरी किए जाने की आशंका जताई गई है।फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से किसी बड़ी वारदात को टाल दिया गया।



