लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद जनपद पंचायत मैनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री श्वेता वर्मा पर कार्रवाई की गई है। जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने उन्हें जनपद सीईओ पद से हटाने का आदेश जारी किया है।
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन साइबर शील्ड: शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन जॉब ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई अधूरे आवासों को कागजों में पूर्ण दर्शाया गया था। यही नहीं, इन अपूर्ण आवासों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों गृह प्रवेश कार्यक्रम भी दर्शाया गया, जो जांच में गलत पाया गया।

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आवासों की वास्तविक स्थिति और दस्तावेजों में दर्ज जानकारी में गंभीर अंतर है। योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



